Chinese New Year

हैप्पी चाइनीज न्यू ईयर

चीन में नया वर्ष शुक्रवार 16 फरवरी 2018 को शुरू हो चुका है। यह चीन की राशि परंपरा के अनुसार श्वान वर्ष है। श्वान का अर्थ है कुत्ता। चाइनीज कलेंडर में यह डॉग वर्ष है। यह कोई हंसने की बात नहीं है, चाइनीच कलेंडर के अनुसार पिछला वर्ष मुर्गा वर्ष था और अगला वर्ष शूकर वर्ष या सुअर वर्ष होगा। चीन में सुअर को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है और कुत्ते को ईमानदारी व संपत्ति का। चाइनीज कलेंडर के अनुसार नव वर्ष का उत्सव 16 फरवरी को शुरू हुआ है और 2 मार्च तक चलेगा।

चाइनीज कलेंडर की पशु राशियां

चीन में वर्ष भी पशु राशियों को समर्पित होते हैं। जैसे 12 पशु राशि हैं। सुअर १२वां पशु राशि है। श्वान ११वीं राशि है। चीन में पशु राशि इस प्रकार हैं – चूहा, सांड, बाघ, खरगोश, ड्रेगन, सांप, घोड़ा, बकरी, बंदर, मुर्गा, कुत्ता और सुअर। चीन में राशि का यह निर्धारण वहां के पारंपरिक देवता जेड एंपेरर या जेड सम्राट या यु हुआंग ने किया था। चीनी मान्यता के अनुसार, हुआंग देवता स्वर्ग और पृथ्वी दोनों पर ही राज करते थे, लेकिन कभी पृथ्वी नहीं आए थे। इसलिए उन्होंने देखने के मकसद से पृथ्वी के सभी जीवों को स्वर्ग बुलाया था और स्वर्ग पहुंचे पहले 12 पशुओं को उन्होंने एक-एक राशि समर्पित की थी। चीन में हर वर्ष किसी न किसी पशु या पशु राशि को समर्पित होता है।

बिल्ली क्यों है चूहे की जानी दुश्मन?

भगवान हुआंग ने जीवों को स्वर्ग बुलाया था। बिल्ली रात के समय चूहे को बोलकर सोई थी कि सुबह होते ही उठा देना, ताकि स्वर्ग की यात्रा पर निकल सकें। बिल्ली को डर था कि आलस्य की वजह से वह सोती रह जाएगी। खैर वैसा ही हुआ, चूहा सुबह उठा, तो उसे तो जल्दी थी। उसे यह डर भी था कि वह गंदा सा दिखता है और देर से पहुंचेगा, तो ठीक नहीं होगा। अत: वह सबसे पहले स्वर्ग की ओर निकल भागा और सबसे पहले हुआंग के दरबार में पहुंच भी गया। एक-एक कर सभी पशु पहुंचे, लेकिन बिल्ली सोती रह गई। इधर स्वर्ग में पहले आए पशुओं को पशु राशि का वितरण हो गया था। बिल्ली को बाद में पता चला, तो बहुत पछतावा हुआ और वह चूहे की जानी दुश्मन बन गई। तब से आज तक बिल्ली जब भी चूहे को देखती है, मारने को दौड़ाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.